बालूमाथ थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
शशि भूषण गुप्ता/बालूमाथ
लातेहार : बालूमाथ थाना पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर छापामारी कर आपराधिक मामलों में फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लातेहार जेल भेजा है।
इसकी जानकारी देते हुए बालूमाथ थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार महतो ने बताया कि पहली छापामारी रांची जिले के मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कोनका गांव में की गई। जहां पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट करने के आरोपी ऐनुल अंसारी के पुत्र परवेज अंसारी को गिरफ्तार किया गया। जो बालूमाथ थाना कांड संख्या 212 /2021 का नामजद अभियुक्त है।
वहीं दूसरी छापामारी बालूमाथ थाना क्षेत्र के गणेशपुर ग्राम में कर ग्राम निवासी नागेश्वर ठाकुर के पुत्र राजू ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। जो बालूमाथ थाना कांड संख्या 218/2021 का नामजद अभियुक्त है। जिस पर डायन बिसाही को लेकर महिला के साथ मारपीट कर घायल करने का आरोप है।
इस छापामारी अभियान में बालूमाथ थाना के पुलिस अवर निरीक्षक रामचंद्र राम, संजय चौधरी समेत कई सशस्त्र पुलिस बल के जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई।