Wednesday, March 19, 2025
BIG BREAKING - बड़ी खबरलातेहार

डीसी ने किया बरवाडीह कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण, समस्या होने पर छात्राओं को सीधा संपर्क करने की कही बात

शशि शेखर/बरवाडीह

लातेहार : मंगलवार को उपायुक्त अबु इमरान क्षेत्र भ्रमण के क्रम में बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण से पूर्व कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की महिला सुरक्षा गार्ड के द्वारा विजिटर रजिस्टर में हस्ताक्षर कराया गया। इसके बाद उपायुक्त ने अपना निरीक्षण का कार्य शुरू किया।

निरीक्षण के दौरान वार्डन रूबी कुमारी ने उपायुक्त को विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए खेल मैदान की समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही विद्यालय परिसर में बेहतर स्थान होने के बावजूद भूमि के समतल नहीं होने को लेकर भी अवगत कराया। जिस पर उपायुक्त के द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर मौजूद जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह और प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय को विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए जल्द से जल्द खेल मैदान के साथ-साथ बास्केटबॉल और वॉलीबॉल कोर्ट बनाने का निर्देश दिया।

वही उपायुक्त ने विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं से मुलाकात कर उनके पठन-पाठन और विद्यालय में मिल रही सुविधाओं के संदर्भ में जानकारियां ली। साथ ही किसी भी तरह की परेशानी होने पर सीधे संपर्क करने को लेकर भी निर्देश दिया।

इसके पूर्व उपायुक्त और प्रखंड प्रशासन की पूरी टीम ने प्रखंड के बेतला पोखरी और उक्कामाड़ के ग्रामीणों के बीच जाकर शत प्रतिशत टीकाकरण कराने को लेकर जागरूक करने के साथ-साथ कई जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण भी किया। वही लोगों की समस्याओं को भी सुना।

इस दौरान मौके पर प्रखंड प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ आशीष रंजन, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अनुज शरण, नवीन मिश्रा, छिपादोहर थाना प्रभारी विश्वजीत तिवारी समेत कई अन्य लोग मौजूद थे।