Sunday, April 20, 2025
BIG BREAKING - बड़ी खबरझारखंडलोहरदगा

लोहरदगा में निर्माणाधीन कुआं धंसने से चार मजदूरों की दबकर मौत

लोहरदगा : लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के चितरी अम्बाटोली में गुरुवार को निर्माणाधीन कुआं धंसने से चार मजदूरों की दबकर मौत हो गयी। राहत एवं बचाव कार्य में लगी टीम ने चारों के शव मिट्टी से बाहर निकाले।

Lohardaga Latest News Today

सेन्हा थाना क्षेत्र के चितरी अम्बाटोली के अम्बा बारी के समीप मनरेगा योजना से लाभुक असलम अंसारी के कुआं की खुदाई चल रही थी। इसी दौरान ऊपर की मिट्टी भरभराकर गिर गयी। इसमें कुएं के भीतर काम कर रहे चार मजदूर दब गये। घटना की सूचना मिलते ही उपायुक्त डॉ. प्रसाद कृष्ण वाघमारे, एसडीओ अमित कुमार समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू करवाया। मिट्टी में दबे हुए मजदूर को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीनें मंगाई गयीं। कड़ी मशक्कत के बाद चारों के शव बाहर निकाले गये।

मृतकों में असलम अंसारी का 35 वर्षीय पुत्र अबू रेहान अंसारी, 21 वर्षीय पुत्री शबनम खातून, कैरो थाना क्षेत्र अन्तर्गत गराडीह निवासी 35 वर्षीय रमजान अंसारी उर्फ बबलू अंसारी व भगत शामिल हैं।

मृतकों के परिजनों को जिला प्रशासन की ओर से आर्थिक मदद की बात कही गयी है और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया है। फिलहाल सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

Lohardaga Latest News Today