शादी समारोह में आयी नाबालिग आदिवासी लड़की से सामूहिक दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार
लोहरदगा : कुडू थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह में पहुंची आदिवासी नाबालिग लड़की का दो युवकों ने अपहरण कर दुष्कर्म किया। बच्ची के लापता होने की जानकारी के बाद ग्रामीणों ने उसकी तलाश की तो वह एक बंद ईंट-भट्ठे में बेहोशी की हालत में मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे कुडू सीएचसी ले गयी, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
बताया जाता है कि घर के बगल में आयोजित शादी समारोह में 13 वर्षीय नाबालिग आदिवासी लड़की पहुंची थी। गुरुवार देर रात करीब 11 बजे बच्ची लापता हो गयी। परिजनों ने तलाश शुरू की। इसी दौरान किसी ने सूचना दी कि गांव के ही दो युवक युवती को उठा ले गये हैं। ग्रामीण लड़की को खोजते हुए बंद ईंट-भट्ठे पर पहुंचे तो वह अचेत अवस्था में पड़ी थी। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
लोहरदगा सदर अस्पताल में इलाज के बाद हालत में सुधार नहीं होने पर बच्ची को रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस ने रात में ही एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। दूसरे आरोपी को शुक्रवार तड़के हिरासत में ले लिया गया।
थाना प्रभारी विश्वजीत कुमार सिंह ने बताया कि दो युवकों ने आदिवासी नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। जबकि बच्ची को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया है।