Saturday, March 22, 2025
BIG BREAKING - बड़ी खबरझारखंड

प्रधानमंत्री मोदी ने झारखंड के गढ़वा और चाईबासा में जनसभाओं को किया संबोधित, डबल इंजन की सरकार बनाने का मांगा आशीर्वाद

प्रधानमंत्री मोदी झारखंड के गढ़वा और चाईबासा में

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को झारखंड के गढ़वा और चाईबासा में जनसभाओं को संबोधित किया। दोनों जनसभाओं में मोदी ने झारखंड में डबल इंजन की सरकार बनाने के लिए लोगों से आशीर्वाद मांगा।

गढ़वा : प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी ने झारखंड विधानसभा के प्रथम चरण में 43 सीटाें पर हाेने वाले चुनाव के लिए सोमवार को गढ़वा के चेतना गांव स्थित श्रीकृष्ण गाैशाला मैदान में चुनावी जनसभा काे संबाेधित करते हुए कहा कि मैं आज आप सबका आशीर्वाद मांगने आया हूं। आज झारखंड में हर तरफ एक ही गूंज है। ‘रोटी-बेटी-माटी की पुकार, झारखंड में भाजपा-एनडीए की सरकार’। अब हम सभी को मिलकर यहां भाजपा-एनडीए के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बनानी है।

मोदी ने कहा कि झारखंड में ये चुनाव ऐसे समय हो रहा है जब पूरा देश ‘विकसित भारत के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रहा है यानी आने वाले 25 वर्ष देश और झारखंड के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होंगे और झारखंड भी तब 50 वर्ष का होने वाला होगा। झारखंड के नौजवानों में टैलेंट की कमी नहीं है। ये हमारे झारखंड के बेटे और बेटियां खेल के मैदान में झारखंड का जज्बा दिखाते हैं। झारखंड के युवाओं का सामर्थ्य बढ़े, उन्हें नये अवसर मिलें ये सरकार की जिम्मेदारी होती है लेकिन जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी ने झारखंड के युवाओं के साथ धोखा ही किया है। मोदी ने कहा कि आपने कुछ महीने पहले दिल्ली में लगातार तीसरी बार भाजपा-एनडीए सरकार बनायी। अब झारखंड में विधानसभा का चुनाव है। झारखंड के हर गरीब के पास एक्का घर होगा, ये मेरी गारंटी है।

मोदी ने कहा कि माताओं, बहनों, बेटियों के कल्याण के लिए झारखंड भाजपा के संकल्प पत्र में अनेक संकल्प लिए गये हैं। ‘गोगो दीदी योजना’ के तहत हर महीने माताओं-बहनों को 2,100 रुपये दिये जायेंगे। गरीब परिवार की माताओं-बहनों को उज्ज्वला योजना के तहत पहले गैस कनेक्शन दिये गये, अब झारखंड में बनने जा रही भाजपा सरकार 500 रुपये में गैस सिलेंडर देगी। इसके साथ अगले साल दीपावली और रक्षाबंधन पर दो मुफ्त सिलेंडर भी देगी। भाजपा, झारखंड की सुविधा, सुरक्षा, स्थिरता व समृद्धि की गांरटी के साथ चुनावी मैदान में उतरी है। मैं बहुत-बहुत बधाई देता हूं कि कल झारखंड भाजपा ने बहुत ही शानदार संकल्प पत्र जारी किया है।

मोदी ने कहा कि ये संकल्प पत्र रोटी-बेटी-माटी के सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि के लिए समर्पित है। जेएमएम-कांग्रेस ने झारखंड के नौजवानों को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था लेकिन वादा पूरा नहीं किया। भर्तियों में धांधली, पेपर लीक जैसे यहां का उद्योग बन गया है। सिपाही भर्ती के दौरान जेएमएम सरकार की लापरवाही के कारण कई नौजवाओं की दुखद मृत्यु हो गयी। अब झारखंड भाजपा ने इस स्थिति को बदलने का निर्णय लिया है। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद करीब तीन लाख सरकारी पदों को पारदर्शी तरीके से भरा जायेगा।

मोदी ने कहा कि आज कल अफवाहें फैलाने का बड़ा उद्योग चल पड़ा है। कुछ लोग भांति-भांति की दुकानें खेलकर बैठे हैं और अफवाह फैलाने का माल बेच रहे हैं। आपको ऐसी किसी भी अफवाह में नहीं आना है। आजादी के बाद ही कांग्रेस की राजनीति का बहुत बड़ा आधार रहा है-जनता से झूठ बोलना, जनता को धोखा देना। ये झूठे वादे करके मतदाताओं को धोखा देते हैं। हमारे नागरिकों की आंख में धूल झोंक देते हैं। अभी हाल ही में हरियाणा ने इन्हें सबक सिखाया है। कांग्रेस और उसके साथी जहां-जहां भी झूठ बोलकर सत्ता में आये हैं, उस राज्य को उन्होंने बर्बाद कर दिया है।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस के अध्यक्ष ने भी मान लिया है कि कांग्रेस झूठी गारंटी देती है। पता नहीं कैसे खड़गे जी के मुंह से जाने-अनजाने में सच निकल गया है। साथ ही कहा कि कांग्रेस की ये अनाप-शनाप घोषणाएं राज्यों को दिवालिया कर देंगी। उन्हाेंने कहा कि झारखंड का एक और बहुत बड़ा दुश्मन है और वह है-परिवारवाद। झामुमाे-कांग्रेस-राजद, ये तीनों दल घोर परिवारवादी हैं। ये लोग चाहते हैं कि सत्ता की चाबी केवल इन्हीं के परिवार के पास रहे।

माेदी ने कहा कि झारखंड में हमने 16 लाख गरीबाें के घर बनाये। ये घर एससी-एसटी और ओबीसी काे मिले, जिनके पास पक्का घर नहीं था। एक लाख 15 हजार घर तो गढ़वा में गरीब परिवारों को मिले हैं। आप कह रहे हैं कि यहां पहले कोई प्रधानमंत्री नहीं आया। मोदी पहला प्रधानमंत्री है जो यहां आया। जो बड़े-बड़े अच्छे काम होते हैं वो भी मेरे ही नसीब में लिखे हैं। साथ ही कहा कि आप जेएमएम-कांग्रेस से पूछिये कि आवास योजना का क्या हुआ। क्यों इसको लेकर आपके साथ विश्वासघात किया गया। लोकसभा में हमने तीन करोड़ घर बनाने की गारंटी दी थी। हमने इस पर काम भी शुरू कर दिया।

पश्चिम सिंहभूम : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साेमवार कहा कि झामुमो, कांग्रेस और राजद ने झारखंड के अस्तित्व को संकट में डाल दिया है। घुसपैठिये इनके वोट बैंक बन गये हैं। अदालत में भी इन्होंने झूठ बोल दिये। आदिवासी बेटियों से शादी कर उनकी जिंदगी बर्बाद कर रहे हैं। रोटी, बेटी और माटी की पुकार को याद रखिये और झारखंड की पहचान बचाइये। झारखंड में एनडीए की सरकार बनाइये। आदिवासी बेटियों के नाम जमीन करने के लिए कानून बनाया जायेगा।

झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा और शहीद पोटो हो की भूमि है। झारखंड की भूमि जनजातीय गौरव और आदिवासी शौर्य की साक्षी रही है। यह भूमि हमारे हो आदिवासी वीरों की गाथा गाती है। आज फिर कोल्हान में जेएमएम अत्याचारी सरकार को उखाड़ फेंकन के लिए जनता ने कमर कस ली है। हर कोई कह रहा है कि इस बार कोल्हान नया इतिहास रचने जा रहा है। दोनों रैलियों को देखने के बाद मैं दावे से कहता हूं कि भाजपा यहां ऐतिहासिक मतों के साथ सरकार बनायेगी। पूरा झारखंड एक सुर में कह रहा है कि रोटी, बेटी, माटी की पुकार, झारखंड में भाजपा की सरकार।

मोदी ने कहा कि भाजपा के लिए आदिवासी आकांक्षा और उनका स्वाभिमान सर्वोपरि रहा है। यही कारण है केंद्र में जब अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार थी तब ही आदिवासी भाई-बहनों को अपना राज्य मिला। बीते दशक में भी हमने आदिवासियों को सामने रखने के लिए कई कदम उठाये हैं। भाजपा ने भगवान बिरसा के जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया। इसके साथ हमारी सरकार मातृभाषा का भी सम्मान करती है। इसलिए जब झारखंड भाजपा की सरकार सत्ता में आयेगी तब हो सहित अन्य आदिवासी भाषाओं को उचित सम्मान मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि धान का एमएसपी 3100 रुपये होगा। किसानों को ये जानकारी दे दीजिए। पंचायतों को और सशक्त किया जायेगा। आदिवासी समाज को और मजबूत बनाया जायेगा। भाजपा ने इसके लिए अलग मंत्रालय बनाया है। कांग्रेस ने तो इसकी जरूरत भी नहीं समझी। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना और पीएम जनमन योजना पर एक लाख करोड़ रुपये खर्च किया जायेगा।

माेदी ने कहा कि झारखंड के युवाओं को वर्तमान सरकार ने नौकरी तो नहीं दी लेकिन पेपर लीक कराकर जीवन बर्बाद कर दिया। पेपर लीक के दोषियों को कड़ी सजा दी जायेगी। तीन लाख निष्पक्ष भर्ती करायी जायेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने रविवार को संकल्प पत्र जारी किया है। दीदी गोगो योजना की घर-घर चर्चा है। हर माता-बहन ने इसे गले लगाया है। इसने नयी ऊर्जा भर दी है। हर महीने 2100 रुपये आयेंगे और 500 रुपये में गैस सिलेंडर के साथ साल में दो गैस सिलेंडर मुफ्त देने की घोषणा की है।

मोदी ने कहा कि झामुमो ने चंपाई सोरेन को अपमानित किया। उन्हें मुख्यमंत्री के पद से हटा दिया। ये आदिवासी का अपमान नहीं है। झामुमो और कांग्रेस को महिला राष्ट्रपति बर्दाश्त नहीं हो रही हैं। सीता सोरेन के साथ इन्होंने क्या किया है। आपको अच्छे से मालूम है। एक कांग्रेस नेता ने इन्हें अपमानित किया है। इसके बाद भी झारखंड के मुख्यमंत्री ने कुछ भी नहीं कहा।

मोदी ने कहा कि भाजपा ने आदिवासियों का सम्मान किया है। इन्हें कई अहम जिम्मेदारी दी गयी है। एक तरफ जहां राज्य की बागडोर उन्हें सौंपी गयी है, वहीं कई महत्वपूर्ण कार्य सौंपा गया है। कांग्रेस ने कभी आदिवासियों को सम्मान नहीं दिया। बीजेपी ने देश को पहली महिला राष्ट्रपति दी है। मोदी ने झामुमो, राजद और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो झारखंड के विरोधी थे, आज उनकी गोद में झामुमो बैठ चुका है। कांग्रेस आदिवासी विरोधी रही है। इसी कांग्रेस के सहारे झामुमो सरकार चला रहा है। सत्ता के लिए उसने इनसे गले मिला गया। मोदी ने कहा कि हो भाषा को उचित सम्मान मिलेगा।

प्रधानमंत्री मोदी झारखंड के गढ़वा और चाईबासा में