Breaking :
||अंकिता को जिंदा जलाने वाले दोषियों को आजीवन कारावास की सजा||लोकसभा चुनाव को लेकर झारखंड व बिहार की पुलिस नक्सलियों के खिलाफ चलायेगी संयुक्त ऑपरेशन||पलामू में दहेज हत्या के आरोपी पति को 10 साल सश्रम कारावास की सजा||झारखंड में भाजपा को झटका, पांच बार के सांसद रहे रामटहल चौधरी कांग्रेस में शामिल||पलामू में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई, छह लाख की अफीम, डोडा व पोस्ता के साथ एक गिरफ्तार||पलामू व गढ़वा का मोस्ट वांटेड छोटू रंगसांज हत्याकांड का खुलासा, एक गिरफ्तार||लातेहार: ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंदा, पुत्र की मौत, पिता समेत दो घायल||पलामू में तीन हत्या के मामले में महिला समेत चार गिरफ्तार||झारखंड में मौसम की आंख मिचौली जारी, 30 और 31 मार्च को बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी||झारखंड: प्रोजेक्ट इम्पैक्ट की मूल्यांकन शीट भरने में लापरवाही बरतने वाले प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों पर होगी कार्रवाई, रुकेगा वेतन
Friday, March 29, 2024
लातेहार

तिरंगे का मान बढ़ाएं, 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहरायें : विधायक

विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत

लातेहार : आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हमारा देश स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है, इस उत्सव को हम अपनी भागीदारी से महाउत्सव में बदलने का प्रयास करें। आज पूरे विश्व में तिरंगे का मान बढ़ा है, तिरंगे का वैश्विक स्तर पर और मान बढ़ाने के लिए हर-घर तिरंगा अभियान में एकजुटता के साथ शामिल हों और 15 अगस्त तक हर घर में तिरंगा फहराएं। उक्त बातें लातेहार विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री बैद्यनाथ राम ने केंद्रीय संचार ब्यूरो, डाल्टनगंज द्वारा 13 अगस्त को लातेहार में हर घर तिरंगा विषय पर आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम के दौरान बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कहीं।

तिरंगे को दें सर्वोच्च सम्मान : विधायक

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से हर घर तिरंगा लगाने की अपील की है। हम सभी नागरिकों का कर्तव्य बनता है कि अपने घरों-प्रतिष्ठानों में झंडा जरूर लगाएं। पूरे विश्व में तिरंगे का मान बढ़ा है। रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान जिन लोगों ने अपने वाहनों में तिरंगा लगाकर सुरक्षित निकलने की कोशिश की उन पर हमला नहीं किया गया। तिरंगे की मदद से दूसरे देश के लोग भी आक्रमण के दौरान सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे। तिरंगा सभी धर्मों को जोड़ता है और तिरंगे के नीचे आकर हम सभी भारतीय हो जाते हैं। विधायक ने सभी लोगों से आदर पूर्वक तिरंगा लगाने और तिरंगे को सर्वोच्च सम्मान देने की भी अपील की।

जिला प्रशासन ने गांव-गांव तक तिरंगा उपलब्ध कराया : उप विकास आयुक्त

बतौर विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिले के उप विकास आयुक्त सुरेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला प्रशासन ने गांव-पंचायतों तक राष्ट्रध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित कराई है। 15 अगस्त तक लोग अपने अपने घरों में तिरंगा फहरायें और देश की आजादी का जश्न मनाएं। उप विकास आयुक्त ने पुरस्कार पाने वाले बच्चों से अपील करते हुए कहा कि आप सभी देश के लिए कुछ करने का जज्बा रखें। उन्होंने बच्चों से पूरे उत्साह के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने और जीवन में कभी हार ना मानने की भी सलाह दी।

क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी गौरव कुमार पुष्कर ने हर घर तिरंगा अभियान के बारे में बताते हुए उपस्थित लोगों को राष्ट्रध्वज फहराने के नियमों को बताया एवं हर घर तिरंगा डॉट कॉम वेबसाइट पर जाकर तिरंगे के साथ सेल्फ़ी अपलोड करने की अपील की।

धन्यवाद ज्ञापन करते हुए भोला शरण डीएवी विद्यालय के प्राचार्य प्रभात रंजन ने सभी बच्चों से स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ का जश्न मनाने एवं हर घर तिरंगा लगाने की अपील की।

इससे पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं अन्य गणमान्य लोगों के द्वारा संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया गया इसके उपरांत सभी अतिथियों को अंग वस्त्र एवं बैज लगाकर सम्मानित किया गया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं के बच्चे हुए पुरस्कृत

11 अगस्त को घर-घर तिरंगा अभियान के तहत विद्यालय में 7 तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें क्विज, देश भक्ति गीत, नृत्य, कविता वाचन, रंगोली, पेंटिंग और भाषण को शामिल किया गया था। सभी प्रतियोगिताओं के क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेताओं को पुरस्कृत किया गया एवं सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिया गया।

सेल्फ़ी बूथ रहा विशेष आकर्षण

आज़ादी के अमृत महोत्सव, हर घर तिरंगा अभियान पर बनवाए गए विशेष सेल्फी बूथ में गणमान्य अतिथियों ने सेल्फ़ी ली। सेल्फी लेने के लिए बच्चों में भी उत्सुकता देखी गई। कई बच्चों ने तिरंगा झंडे के साथ अपनी फोटो खिंचवाई।

विशेष जागरूकता कार्यक्रम का मंच संचालन विद्यालय के शिक्षक अरुण कुमार पांडेय ने किया। संगीत शिक्षक सूरज कुमार मिश्रा ने स्वागत गान और देशभक्ति गीत भी प्रस्तुत किया।

इस मौके पर राकेश रंजन तिवारी, रवि प्रकाश तिवारी, अजीत कुमार, सुशील दुबे, बसंत कुमार, बी एन साहा, राजा विशाल, शकुंतला पाल की सराहनीय भूमिका रही।