लातेहार: चुनाव ड्यूटी से लौट रहे बाइक सवार MPW को कार ने मारी टक्कर, रिम्स रेफर
दीपक मिश्रा/लातेहार
लातेहार : जिला मुख्यालय के पानी टंकी के समीप एक स्वीफ्ट डिजायर कार ने चुनाव ड्यूटी से लौट रहे बाइक सवार एमपीडब्ल्यू को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में एमपीडब्ल्यू बुरी तरह से जख्मी हो गए हैं।
लातेहार की ताज़ा ख़बरें देखने के लिए यहाँ क्लिक करें
प्राप्त जानकारी के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एमपीडब्ल्यू अशोक कुमार (पिता स्वर्गीय कोसो महतो, जिला कोडरमा) महुआडांड़ से चुनाव डियूटी के बाद आज जिला मुख्यालय लातेहार में योगदान के लिए अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान एक स्विफट डिजायर कार ( KA-51MF-3019) ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में वे बुरी तरह से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एमपीडब्ल्यू को इलाज के लिये लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। बाद में उनकी स्थिति को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिये रिम्स रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने बताया कि अशोक कुमार के दाहिने पैर की हड्डी टूट गयी है।