लातेहार: पलामू टाइगर रिजर्व में हाथियों ने महिला को पटक-पटक कर मार डाला, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
लातेहार : जिले में स्थित पलामू टाइगर रिजर्व के गाड़ी गांव के पास जंगली हाथियों ने रविवार को एक महिला की जान ले ली। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंच गयी है।
महिला की पहचान मनोरमा देवी के रूप में हुई है। वह गांव स्थित जंगल के पास किसी काम से गई थीं। इसी दौरान वहां हाथियों ने उस पर हमला कर दिया। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास खड़े लोग वहां दौड़े लेकिन हाथियों उग्र तेवर को देखकर ग्रामीण चाह कर भी कुछ नहीं कर पाये। हाथियों ने मनोरमा देवी को पटक-पटककर मार डाला।
लातेहार, पलामू और गढ़वा की ताज़ा ख़बरों के लिए व्हाट्सप्प ग्रुप ज्वाइन करें
घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक महिला के बच्चों की पूरी जिम्मेवारी वन विभाग को उठानी होगी। सरकारी प्रावधान के तहत उसे मुआवजा देना होगा। जब तक वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारी उनकी मांगों को पूरी नहीं करते हैं तब तक जाम लगा रहेगा।
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिप सदस्य कन्हाई सिंह और प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय जाम स्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जांच के बाद सरकारी प्रावधान के तहत सभी प्रकार की सहायता मृतक महिला के परिजनों को दी जायेगी। काफी समझाने के बाद ग्रामीणों ने सड़क से जाम हटाया।