Monday, January 20, 2025
BIG BREAKING - बड़ी खबरपलामूपलामू प्रमंडल

पलामू: संदिग्ध हालत में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, पति पर हत्या का आरोप

पलामू : जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के नावाडीह पंचायत के तुरिया टोला में शनिवार को एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थिति में पेड़ के सहारे दुपट्टे के फंदे से लटका हुआ मिला। उसकी पहचान चंदन भुईहर की 22 वर्षीय पत्नी रंजीता देवी के रूप में की गयी है। उसके मायके वालों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है।

मौत की सूचना मिलने पर लड़की के परिजन जब उसके घर पहुंचे तो उन्होंने उसके पति की पिटायी भी की। हालांकि, तत्काल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम एमआरएमसीएच में कराया। महिला की बड़ी बहन के साथ उसके पति का अवैध संबंध होने की बात सामने आयी है। चंदन और रंजीता की शादी दो वर्ष पहले हुई थी। उनसे कोई संतान नहीं है। रंजीता की बड़ी बहन चंदन के गांव में ही रहती है। शादी उसने ही करायी थी। आना जाना होने के कारण चंदन का अपनी पत्नी की बड़ी बहन के साथ अवैध संबंध बन गया था।

बताया जाता है कि रंजीता देवी के साथ उसका पति अक्सर मारपीट करता था। साथ ही जान से मारने की धमकी भी कई बार दी थी। शुक्रवार की रात भी जमकर पिटायी की थी। मृतका का मां रामगढ के थाम टोला की फुलबासो देवी ने कहा कि मारपीट की जानकारी रजंती ने रात में ही दी थी। चेहरा सूज गया था। रात 9 बजे से रंजीता गायब थी। शनिवार को उसका शव घर से करीब 300 मीटर दूर पेड़ से लटका बरामद हुआ। शव जिस स्थिति में मिला, उससे हत्या की संभावना जतायी गयी है।