पलामू में तीन हत्या के मामले में महिला समेत चार गिरफ्तार
Palamu Crime News Today
पलामू : चैनपुर थाना क्षेत्र में रविवार को डबल मर्डर और मंगलवार को एक युवक की हुई हत्या मामले में शामिल महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें पिता-पुत्र भी शामिल हैं। कई आरोपी अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। डबल मर्डर के साजिशकर्ता श्यामा चौधरी ने सरेंडर कर दिया है।
राजेश साव और सुजीत भुइयां हत्याकांड में राजा सिंह (20) एवं कविता देवी (36) को गिरफ्तार किया गया है। राजेश और सुजीत की हत्या में साजिश रचने में कविता देवी की संलिप्तता पायी गयी है। इसी तरह राजा सिंह को हत्याकांड में शामिल रहने पर डालटनगंज बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया।
मंगलवार को हुई मनोज चौधरी हत्या मामले में उसके चचेरे भाई अजय चौधरी (28) और उसके पिता सुरेश उर्फ नन्हक चौधरी (60) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों कल्याणपुर के रहने वाले हैं। इस घटना में 8 नामजद आरोपी हैं। 6 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 26 मार्च की रात 9.30 बजे रात में कल्याणपुर प्रज्ञा केन्द्र के पास गोली मारकर मनोज चौधरी की हत्या कर दी गयी थी। अजय चौधरी और उसके साथियों ने इस घटना को अंजाम दिया था। अजय ने कैची से गला में घोंपा था। अनुसंधान के दौरान जानकारी मिली थी कि कांड का मुख्य आरोपी अजय चौधरी पलामू से फरार होनेे के लिए बस स्टैंड डालटनगंज पहुंचा था। उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में हत्याकांड में संलिप्तता स्वीकार की। कहा कि मनोज चौधरी उसके परिवार के साथ हमेशा गाली गलौज और डराते धमकाते रहता था। इसी गुस्से में उसकी हत्या की गयी।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि इस घटना के बारे में अजय चौधरी के पिता सुरेश उर्फ नन्हक चौधरी को पहले से जानकारी थी, परंतु उन्होंने अपने बेटे को रोकने के बजाय मनोज चौधरी को मारने के लिए उकसाया था। घटनास्थल से दो खोखा और करीब 8 इंच लंबा कैची बरामद किया गया था।
Palamu Crime News Today