हज़ारीबाग़ में बड़ा हादसा, टाटा सूमो कुएं में गिरी, छह की मौत, मुखिया समेत चार घायल
हजारीबाग : जिले के पदमा ओपी क्षेत्र स्थित रोमी गांव में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। फोरलेन सड़क पर सूर्यपुरा पैक्स के पास एक टाटा सूमो के कुएं में गिर जाने से एक महिला और एक बच्चे समेत छह लोगों की मौत हो गयी, जबकि सूर्यपुरा पंचायत के मुखिया समेत चार लोग घायल हो गये। सभी घायलों को हजारीबाग रेफर कर दिया गया है।
बताया गया कि सभी लोग बिहार के दरभंगा से सत्संग में भाग लेकर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रोमी गांव के पास हादसा हो गया। सूमो गाड़ी के कुएं में गिरने से चालक सूरज सिंह दीपूगढ़ा के अलावा ओम प्रकाश साव, परमेश्वर कुशवाहा, परमेश्वर कुशवाहा की पत्नी और सात साल की बेटी और गुंजन राणा की मौत हो गयी। सभी हज़ारीबाग़ के मंडईखुर्द गांव के रहने वाले थे। घायलों में सूर्यपुरा पंचायत के मुखिया सीताराम मेहता, मुकेश मेहता व उनकी मां समेत एक अन्य शामिल हैं।