चतरा: खून से लथपथ जंगल में मिला कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्रा का शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
चतरा : लावालोंग थाना क्षेत्र के जंगल में एक युवती का शव मिला है। वह 17 साल की थी। वह कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में 11वीं कक्षा में पढ़ती थी। वह छुट्टियों में घर आयी थी। लड़की गुरुवार को जंगल में महुआ का डोरही चुनने गयी थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी।
लड़की के परिजन उसे ढूंढने जंगल गये, जहां जंगल में एक स्थान पर उसका थैला और बिखरा हुआ डोरही का फल मिला। वहां परिजनों ने खून के कुछ धब्बे भी देखे। इधर-उधर ठीक से तलाश करने पर छात्रा का शव खून से लथपथ झाड़ी में मिला। आशंका जतायी जा रही है कि दुष्कर्म के बाद लड़की की हत्या की गयी है। साक्ष्य मिटाने के लिए चेहरे को पत्थर से कुचलने का भी प्रयास किया गया है।
छात्रा का शव मिलने पर परिजनों ने इसकी सूचना स्थानीय थाना प्रभारी बमबम कुमार को दी। सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी के निर्देश पर थाना प्रभारी व एएसआई रोहित कुमार मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
Chatra Crime News Today