लातेहार: बालूमाथ में जहरीले जंतु के काटने से महिला की मौत, परिजनों का हाल बेहाल
शशि भूषण गुप्ता/बालूमाथ
लातेहार : बालूमाथ थाना क्षेत्र के इचाक गांव अंतर्गत टोंगरी टोला में गुरुवार को जहरीले जानवर के काटने से एक महिला की मौत हो गयी। महिला की पहचान टोंगरी टोला निवासी रवि गंझू की पत्नी कैलाशपति देवी के रूप में की गयी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला केंदू पत्ता तोड़ने के लिए पास के दूध मटिया जंगल में गयी थी, शाम को अपने घर लौटी और घर में बेहोशी की हालत में पड़ी थी। बेहोश महिला के मुंह से झाग निकल रहा था। परिजनों ने यह देखा तो आनन-फानन में बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी।
लातेहार, पलामू और गढ़वा की ताज़ा ख़बरों के लिए व्हाट्सप्प ग्रुप ज्वाइन करें
हालांकि बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ अमरनाथ प्रसाद ने महिला की मौत की पुष्टि की है। डॉक्टर ने यह भी कहा है कि महिला की मौत किसी जहरीले जानवर के काटने से होने की आशंका है। मृतक महिला की 6 बेटियां हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है। इस घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी बालूमाथ थाने को दे दी गयी है। जिसके आधार पर बालूमाथ थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Balumath Latehar Latest News