Sunday, March 16, 2025
पलामू प्रमंडलबालूमाथलातेहार

लातेहार: बालूमाथ में मालगाड़ी की चपेट में आने से 13 वर्षीय किशोर के दोनों पैर कटे, हालत गंभीर, रिम्स रेफर

लातेहार : धनबाद रेल मंडल अंतर्गत टोरी शिवपुर-बालूमाथ रेलखंड पर बालूमाथ थाना क्षेत्र के जोगियाडीह गांव के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से 13 वर्षीय किशोर के दोनों पैर कट गये।

किशोर की पहचान जोगियाडीह गांव निवासी संजय लोहरा के पुत्र सुमित लोहरा के रूप में की गयी। गंभीर हालत में उसे बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टर सुरेंद्र कुमार ने घायल सुमित लोहरा की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार उक्त किशोर दौड़कर रेलवे ट्रैक पार कर रहा था तभी उसका पैर ट्रैक में फंस गया और वह वहीं गिर गया। उसके पैर के ऊपर से मालगाड़ी गुजर गयी, जिससे उसके दोनों पैर कट गये। फिलहाल उक्त किशोर की हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है। इस घटना के बाद किशोरी के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Balumath Latehar Latest News