पलामू: माओवादी राजेन्द्र भुइयां समेत दो गिरफ्तार, भरठुआ बंदूक समेत अन्य सामान बरामद
Palamu Maoist Arrested News
पलामू : प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के 10 लाख के ईनामी नक्सली नितेश यादव के दस्ते के सदस्य राजेन्द्र भुइयां को चार भरठुआ बंदूक के साथ गिरफ्तार किया गया। राजेन्द्र के साथ विष्णु विश्वकर्मा को भी गिरफ्तार किया गया है। विष्णु हथियारों की मरम्मत करता था। उसके घर से हथियार बनाने के कई सामान बरामद किये गये हैं।
लातेहार, पलामू और गढ़वा की ताज़ा ख़बरों के लिए व्हाट्सप्प ग्रुप ज्वाइन करें
राजेन्द्र हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के नासो जमालपुर जबकि विष्णु इसी थाना क्षेत्र के जीतामाटी सलैया टिकर का रहने वाला है। एसपी रीष्मा रमेशन ने शनिवार को बताया कि राजेन्द्र भुइयां दो वर्षों से माओवादी नितेश यादव के दस्ते में शामिल रहा था। वर्तमान में कहीं दूसरी जगह पहचान छिपाकर रह रहा था। वह घर आया हुआ था। इस बीच गुप्त सूचना पर हुसैनाबाद के डीएसपी मुकेश कुमार महतो और सीआरपीएफ 112वीं बटालियन के साथ कार्रवाई की गयी। छापेमारी के दौरान चार भरठुआ बंदूक, दो बैरल, लोहे की पाइप, बारूद एवं भरठुआ बंदूक में भरने वाला मसाला, छर्रा, बैरिंग, बंदूक में इस्तेमाल होने वाला घोड़ा एवं अन्य पुर्जे बरामद हुए।
बंदूक राजेन्द्र के अलावा कर्मदेव भुइयां, उपेन्द्र भुइयां नासो जमालपुर एवं राजेश कुमार रवि बैरियाडीह के घर से बरामद हुआ। हथियार बनाने के सामान विष्णु विश्वकर्मा के घर से मिले। एसपी ने बताया कि माओवादी नितेश के साथ मिलकर राजेन्द्र लोकसभा चुनाव में गड़बड़ी करने की तैयारी में था। इसके लिए हथियार भी रखे हुए था। इस संबंध में राजेन्द्र के अलावा कर्मदेव, रामचन्द्र, विनोद, उपेन्द्र, सुरेन्द्र भुइयां सभी नासो जमालपुर राजेश बैरियाडीह, ललन राम माहुर भवरी मोहम्मदगंज, नितेश यादव, संजय यादव उर्फ गोदराम जी, सीताराम रजवार उर्फ रमन जी एवं विष्णु विश्वकर्मा सभी जीतामाटी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
Palamu Maoist Arrested News