Monday, January 20, 2025
मनिकालातेहार

मनिका: संदिग्ध हालत में फंदे में झूलता मिला ससुराल आये युवक का शव, परिजनों ने लगाया ससुराल वाले पर हत्या का आरोप

Manika latehar news hanging

लातेहार : मनिका थाना क्षेत्र के धोबी मोहल्ला में शनिवार की सुबह करीब 32 साल के रविंद्र पासवान (नावाडीह, रमकंडा, गढ़वा) का शव फंदे से लटका मिला।

घटना की सूचना मिलते ही मनिका पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया।

वही मृतक की मां जय बासु देवी ने बताया कि मेरे बेटे की शादी पुष्पा देवी पिता परशु पासवान (मनिका, धोबी मोहल्ला) के साथ हुई थी। मेरा बेटा शुक्रवार को अपने घर से ससुराल जाने की बात कह कर निकला था। ससुराल वालों ने मिलकर मेरे बेटे की हत्या की और आत्महत्या का रूप देने के लिए फांसी पर लटका दिया।

मृतक की मां ने मृतक की पत्नी पुष्पा देवी, ससुर परशु पासवान, सास मंजू देवी, साला चंदन पासवान, दयानंद पासवान, अनीता देवी पर हत्या का आरोप लगाते हुए मनिका थाना में लिखित आवेदन दिया है।

वहीं थाना प्रभारी शुभम कुमार ने बताया कि मृतक के परिजन द्वारा लिखित आवेदन थाने में दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।