लातेहार: हेरहंज-मनिका पथ पर हुए सड़क हादसे में युवक की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
शशि भूषण गुप्ता/बालूमाथ
लातेहार : जिले के बालूमाथ पुलिस अनुमंडल क्षेत्र के हेरहंज-मनिका पथ पर बंदुआ गांव के पास शनिवार की सुबह ऑटो दुर्घटना में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गयी। मृतक की पहचान बालूमाथ थाना क्षेत्र के हाथडीह गांव निवासी मनोज यादव (36) के रूप में की गयी है। बताया जाता है कि वह हाथडीह गांव निवासी बंधु यादव का इकलौता पुत्र था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की अहले सुबह मनोज यादव और उनके कई रिश्तेदार ऑटो से मनिका से अपने घर हाथडीह लौट रहे थे। इसी दौरान बंदुआ मोड़ के पास तीखे मोड़ पर ऑटो दुर्घटनाग्रस्त हो गयी, जिसके नीचे मनोज यादव काफी देर तक दबे रहे। इसके बाद मनोज यादव को स्थानीय निजी क्लिनिक में ले जाया गया जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
लातेहार, पलामू और गढ़वा की ताज़ा ख़बरों के लिए व्हाट्सप्प ग्रुप ज्वाइन करें
इसी बीच इस घटना की जानकारी परिजनों द्वारा हेरहंज थाने को दी गयी। इसके बाद हेरहंज थाना पुलिस बालूमाथ के हाथडीह गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए लातेहार भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। हेरहंज थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को जब्त कर लिया है।
मृतक मनोज यादव के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर है। इसे समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक हर सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता था। लेकिन होनी को कौन टाल सकता है?
Herhanj Latehar Accident News